उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार का पार्थिव शरीर उक्रांद के झंडे के साथ देहरादून रोड स्थित उनके आवास से दोपहर दो बजे पूर्णानंद घाट लाया गया, जहां लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्र के लोग शामिल हुए।पूर्णानंद घाट पर उक्रांद के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार के पार्थिक शरीर को उनके पुत्र आलोक पंवार ने मुखाग्नि दी। इस दौरान ‘त्रिवेंद्र पंवार अमर रहे’, ‘राज्य आंदोलन का लाल, त्रिवेंद्र-त्रिवेंद्र’ आदि नारे गूंजते रहे।
इस अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, निवर्तमान महापौर अनीता ममगाईं, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट, जिलाध्यक्ष देवप्रयाग उत्तम सिंह असवाल, निवर्तमान पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, राजपाल खरोला, उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष जयराम उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष पुष्पेश त्रिपाठी, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास, केंद्रीय उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ सन्नी भट्ट, प्रमिला रावत, मेजर संतोष भंडारी (सेनि.) सहित उक्रांद कार्यकर्ता मौजूद थे।