मसूरी-देहरादून मार्ग पर फिर भारी भूस्खलन, पानी वाले बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बहा; यातायात पूरी तरह बंद

मसूरी। लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बार फिर भारी भूस्खलन हो गया। सुबह करीब पांच बजे पानी वाले बैंड के पास हुए भूस्खलन में सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया, जिससे मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। मार्ग बंद होने के कारण मसूरी आने-जाने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ घंटे पहले ही खुला था मार्ग

इससे पहले सोमवार देर रात गलोगीधार के पास भी भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ से मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ जाने के कारण मार्ग बाधित हो गया था। लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग दो बजे मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू किया था।

मार्ग खुलने के कुछ घंटे बाद ही पानी वाले बैंड के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आकर बह गया। इससे एक बार फिर मसूरी का देहरादून से सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है।

सड़क का हिस्सा बहने से यातायात ठप

पानी वाले बैंड के पास सड़क का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। इसके चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने की स्थिति बनी हुई है।

लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन के कारण यात्रियों की चिंता भी बढ़ गई है। प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की ओर से लोगों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।

वैकल्पिक मार्ग तैयार करने में जुटा लोनिवि

मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर काम में जुटी हुई है। सड़क के बह चुके हिस्से के पास पहाड़ को काटकर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने के साथ सड़क को सुरक्षित तरीके से खोलने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि, लगातार हो रही बारिश और पहाड़ से मलबा गिरने की आशंका के बीच सड़क खोलना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।

मसूरी-किमाड़ी मार्ग से जाने की अपील

मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग बंद होने के बाद लोग वैकल्पिक मार्ग के तौर पर मसूरी-किमाड़ी रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, यह मार्ग कई स्थानों पर काफी संकरा है। ऐसे में प्रशासन की ओर से इस मार्ग पर सावधानी और सतर्कता के साथ आवागमन करने की अपील की गई है।

मसूरी-देहरादून मार्ग राजधानी देहरादून को मसूरी से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क का क्षतिग्रस्त होना पर्यटन सीजन के दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों के लिए भी बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। लगातार बारिश के बीच मार्ग पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *