दून पुलिस फिर बनी मददगार, सड़क हादसे में घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल

देहरादून। राजपुर रोड पर बुधवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुई महिला के लिए दून पुलिस मददगार साबित हुई। सूचना मिलते ही यातायात ड्यूटी पर तैनात सीपीयू कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर उपचार मिल सका। महिला के परिजनों ने पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के लिए उनका आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, संचार केंद्र जाखन के पास जोहड़ी कट, राजपुर रोड पर अज्ञात वाहन द्वारा एक महिला को टक्कर मारकर घायल किए जाने की सूचना यातायात ड्यूटी पर तैनात सीपीयू कर्मियों को मिली थी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल विनोद रावत और कांस्टेबल प्रदीप कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर महिला सड़क पर मूर्छित अवस्था में पड़ी मिली। स्थिति को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए महिला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान काफी देर बाद महिला को होश आया। इसके बाद पुलिस ने महिला से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उसके परिजनों से संपर्क किया।

सूचना मिलने पर महिला के परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

वहीं, महिला को टक्कर मारकर मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य माध्यमों से वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *