देहरादून में गणेश महोत्सव का भव्य आगाज, गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे

देहरादून। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को देहरादून में गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कीं। वहीं, विभिन्न आयोजन समितियों की ओर से बैंड-बाजे के साथ गणपति की शोभायात्रा निकाली गई और प्रतिमाओं को भव्य रूप से सजाए गए पंडालों में विराजमान कराया गया। इस दौरान पूरे शहर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे।

गणेश महोत्सव को लेकर रविवार से ही शहर के पटेलनगर, प्रेमनगर, मन्नूगंज, धामावाला, क्लेमेनटाउन सहित विभिन्न क्षेत्रों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई थीं। पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। कई स्थानों पर गणपति की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देकर देर शाम तक पंडालों में पहुंचाया गया।

24 सितंबर तक होगी भजन संध्या

विभिन्न आयोजन समितियों की ओर से गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 24 सितंबर तक पंडालों में भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का दौर चलेगा। इसके बाद 25 सितंबर को नगर परिक्रमा और शोभायात्रा निकालने के बाद अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। हालांकि, कुछ आयोजन समितियां परंपरा के अनुसार तीसरे, पांचवें, सातवें या दसवें दिन भी प्रतिमा विसर्जन करती हैं।

सुबह 11:02 से दोपहर 1:31 बजे तक शुभ मुहूर्त

देहरादून के डॉ. आचार्य सुशांत राज के अनुसार भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि सोमवार को है। गणपति स्थापना एवं पूजा के लिए मध्याह्न का समय विशेष शुभ माना गया है। गणेश स्थापना और पूजा के लिए सुबह 11 बजकर 2 मिनट से दोपहर 1 बजकर 31 मिनट तक शुभ मुहूर्त रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को दूर्वा, लाल फूल, फल और मोदक अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने बताया कि 10 दिवसीय गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर होगा। हालांकि श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार इससे पहले भी गणपति का विसर्जन कर सकते हैं।

सड़क किनारे सजी गणपति की प्रतिमाओं ने खींचा ध्यान

गणेश चतुर्थी को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। घरों में गणपति स्थापना के लिए लोगों ने पूजा सामग्री और प्रतिमाओं की जमकर खरीदारी की। कुम्हार मंडी में छोटी प्रतिमाओं से लेकर करीब तीन फीट तक की गणपति प्रतिमाएं उपलब्ध रहीं। इसके अलावा पटेलनगर, निरंजनपुर, जीएमएस रोड, चकराता रोड सहित विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे सजी छोटी-बड़ी और आकर्षक गणेश प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

इन क्षेत्रों में मुख्य आयोजन

देहरादून में गणेश उत्सव के प्रमुख आयोजन पटेलनगर स्थित गणेश उत्सव समिति, मन्नूगंज स्थित गणपति युवा सेवा समिति, धामावाला बाजार स्थित गणेश उत्सव मंडल और प्रेमनगर के सनातन धर्म मंदिर में युवा मंडल की ओर से किए जा रहे हैं। इसके अलावा खुड़बुड़ा, राजपुर, धर्मपुर, क्लेमेनटाउन सहित शहर के कई अन्य क्षेत्रों में भी भव्य पंडाल सजाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *