रुद्रपुर हाईवे पर भीषण हादसा: डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत, चालक फरार

बाजपुर/रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर हाईवे पर दोराहा के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पीछे से आए एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजपुर क्षेत्र के गांव कनौरा निवासी मुन्ना लाल उर्फ मुन्नू (50) अपनी पत्नी जोसमीन (46) के साथ बाइक से कैलाखेड़ा स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान दोराहा के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

हादसे के बाद डंपर चालक फरार

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक को टक्कर मारने वाला वाहन डंपर था। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

दंपती की मौत से परिवार में कोहराम

मुन्ना लाल और जोसमीन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों के अनुसार, दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। पति-पत्नी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं, ग्रामीणों ने हाईवे पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *