20 नवंबर को ऋषिकेश में धूमधाम से मनेगी इगास बग्वाल, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण देंगे प्रस्तुति

पूर्व महापौर अनिता ममगाईं के संयोजन में आठवें वर्ष होगा भव्य आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी भी करेंगे शिरकत

ऋषिकेश, 16 नवंबर। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से तीर्थनगरी ऋषिकेश में 20 नवंबर को इगास बग्वाल महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आईडीपीएल मैदान में शाम चार बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

सोमवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की संयोजक एवं नगर निगम ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने बताया कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से पिछले आठ वर्षों से लगातार इगास महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 20 नवंबर, शुक्रवार को आईडीपीएल मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अनिता ममगाईं ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। आधुनिकता के दौर में कई लोक मान्यताएं और पारंपरिक रीति-रिवाज धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इगास बग्वाल महज एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इगास बग्वाल के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि लोक मान्यता के अनुसार, उत्तराखंड के वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी की तिब्बत युद्ध में विजय की सूचना ग्यारह दिन बाद प्रदेश पहुंची थी। इस विजय की खुशी में लोगों ने दीपावली के ग्यारह दिन बाद दीप जलाकर उत्सव मनाया, जिसके बाद इगास बग्वाल मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। इसे बूढ़ी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी टीम के साथ लोकगीतों और जागरों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे। कार्यक्रम में पारंपरिक भैलो नृत्य और मंडाण भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे। इसके अलावा पहाड़ी पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को उत्तराखंड के पारंपरिक खान-पान का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

पत्रकार वार्ता में समाजसेवी आकाश जैन, घाट रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, भाजपा नेता पंकज शर्मा, पार्षद मुस्कान, सिमरन उप्पल, राजेश कोठियाल, आशु ढंग, गौरव कैंथोला, पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र भारद्वाज और राजेश नौटियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *