उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP, जल्द घोषित होंगे प्रत्याशी

देहरादून: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जल्द ही प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हाल ही में उनकी दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात हुई थी। इस दौरान उत्तराखंड के राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं।

पंजाब और दिल्ली के नेता संभालेंगे प्रचार की कमान

उमा गौड़ सिसोदिया के मुताबिक, उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के लिए पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व सक्रिय भूमिका निभाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह और जरनैल सिंह के अलावा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगी। पार्टी इन नेताओं के माध्यम से प्रदेशभर में जनसभाएं और विभिन्न चुनावी कार्यक्रम आयोजित करेगी।

रोजगार, पलायन और स्वास्थ्य होंगे प्रमुख मुद्दे

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों को सत्ता में मौका दे चुकी है, लेकिन रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे अब भी बरकरार हैं। आम आदमी पार्टी इन्हीं जनसमस्याओं को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की। सिसोदिया ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में जनसेवा, क्षेत्र में सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *