: छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह में जलाभिषेक करने की घोषणा को लेकर जिले में अलर्ट घोषित किया गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही मस्जिद ईदगाह परिसर को छावनी में तब्दील कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मथुरा के साथ ही जोन के सभी जिलों से पुलिसबल बुलाया गया है। किसी को भी पूरी तरह जांच करने के बाद ही जन्मस्थान और ईदगाह परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है।अखिल भारत हिंदू महासभा की महिला प्रकोष्ठ की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर सुबह लड्डू गोपाल लेकर ईदगाह जाने का प्रयास करने लगीं। उन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग पर ही रोक लिया। यहां पुलिस से उनकी नोकझोंक हुई और उन्हें गोविंद नगर थाना ले जाया गया।
पुलिस ने व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही मस्जिद ईदगाह के आसपास के साथ ही शहरी क्षेत्र को दो सुपर जोन, चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा है। पूरे इलाके के छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इनकी जिम्मेदारी प्रभारियों को दी गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस व पीएसी लगातार गश्त करेगी। खुफिया तंत्र भी अपने स्तर से अराजकतत्वों पर नजर रखेगा। जन्मस्थान के आसपास व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सीओ सिटी प्रवीण मलिक ने बताया, डीग गेट चौकी, शाही ईदगाह के सामने व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के जवान छतों से निगरानी कर रहे हैं। गुरुवार दोपहर से ही ड्रोन से निगरानी शुरू हो गई। जन्मस्थान में किसी को भी सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।