उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है जबकि मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप से तपिश बढ़ रही है। दून में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से अधिक है। 24 मार्च की रात को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरकाशी चमोली और रुद्रप्रयाग में आंशिक बादल छाने के आसार हैं।
देहरादून। उत्तराखंड में ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में इसमें और इजाफा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी क्षेत्रों में आने वाले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार हैं। आगामी 24 मार्च की रात को ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है।
दून में खिली चटख धूप
गुरुवार को दून में सुबह से ही मौसम शुष्क रहा और चटख धूप खिली। दोपहर में तेज धूप में तपिश बढ़ गई और गर्मी महसूस की जाने लगी। दून का अधिकतम तापमान भी पिछले कुछ दिनों से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो कि सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
---|---|---|
देहरादून | 30.6 | 13.2 |
ऊधम सिंह नगर | 32.2 | 10.4 |
मुक्तेश्वर | 19.6 | 8.2 |
नई टिहरी | 20.6 | 7.1 |
चारधाम यात्रा के लिए पहले ही दिन 1.65 लाख पंजीकरण
राज्य में 30 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली चारधाम यात्रा के लिए शुरू हुए आधार आधारित आनलाइन पंजीकरण में गुरुवार को पहले ही दिन शाम पांच बजे तक 1,65,292 श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया। केदारनाथ के लिए सर्वाधिक 53,570 पंजीकरण हुए। बदरीनाथ के लिए 49,385 लोगों ने पंजीकरण कराया। जबकि गंगोत्री के लिए 30,933 और यमुनोत्री के लिए 30,224 पंजीकरण हुए।
जिससे कि श्रद्धालुओं को अपनी पंजीकृत तिथि पर दर्शन लाभ प्राप्त हो सके। चारधाम यात्रा के वेबपोर्टल (registrationandtouristcare.uk.gov.in) के माध्यम से 1,62,125 पंजीकरण हुए। जबकि मोबाइल एप (Tourist care uttarakhand) पर 3,167 श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया। वहीं, निजी वाहन से यात्रा में शामिल होने के लिए 1,750 पंजीकरण हुए।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को खुलेंगे। जबकि दो मई को केदारनाथ और चार मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट धाम के खुलने के साथ यात्रा पूर्ण स्वरूप में शुरू हो जाएगी। आखिर में 25 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खुलेंगे। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त निदेशक और चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी योगेंद्र गंगवार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बिना पंजीकरण कराए चारधाम यात्रा में शामिल न हो।
महाराष्ट्र एवं मध्य-प्रदेश के श्रद्धालु ने कराया पहला पंजीकरण
चारधाम यात्रा के लिए वेबपोर्टल के माध्यम से पहला पंजीकरण महाराष्ट्र के आशीष कुमार द्विवेदी ने कराया। जबकि मोबाइल एप से मध्य-प्रदेश के अखिलेश कुमार बोर्डे ने पहला पंजीकरण किया।
टोल फ्री नंबर पर 652 सवाल का हुआ समाधान
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान करने के लिए जारी हुए टोल फ्री नंबर (0135-1364) में गुरुवार को 652 सवाल का समाधान किया गया।