घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ 4 वर्षीय मासूम, अगले दिन गदेरे में मिला शव

टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घर के बाहर खेलते समय लापता हुए चार वर्षीय मासूम का शव अगले दिन गांव के नीचे एक गदेरे में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज बारिश के दौरान गदेरे में आए उफान की चपेट में आने से बच्चे की मौत हुई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे घनसाली निवासी विपिन चौहान ने थाना घनसाली में सूचना दी कि उनका चार वर्षीय भांजा अयनांश ग्राम कंडारस्यू में खेलते समय अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से रातभर तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।

रविवार सुबह दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की तलाश के बाद अयनांश का शव गांव के नीचे गदेरे के किनारे बरामद हुआ। मासूम का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण गदेरे में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया था। आशंका है कि खेलते समय अयनांश उसी बहाव में बह गया। पुलिस भी प्रथम दृष्टया इसी कारण से मौत होने की संभावना मान रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

मृतक अयनांश की मां निकिता, ग्राम खिरवेल की निवासी हैं, जबकि उनके पति पूरन सिंह विदेश में कार्यरत हैं। अयनांश इन दिनों अपने ननिहाल ग्राम कंडारस्यू आया हुआ था। छुट्टियां बिताने आया मासूम इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन ने भी लोगों से वर्षा के दौरान नदी-नालों और गदेरों के आसपास बच्चों को अकेला न छोड़ने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *