CM हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा में धामी सख्त, बोले- शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में CM हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में CM हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में तेजी लाई जाए और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि CM हेल्पलाइन 1905 सरकार और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

सीएम धामी ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं हर महीने CM हेल्पलाइन की समीक्षा करते हैं और कई मामलों में शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत भी करते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बरसात के बाद खराब सड़कों को जल्द किया जाए दुरुस्त

बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के बाद कई क्षेत्रों में सड़कें खराब हो जाती हैं, ऐसे में उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराया जाना जरूरी है। सड़कों की मरम्मत और सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD), PMGSY और शहरी विकास विभाग को आवश्यक इस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

चारधाम यात्रा को लेकर भी हुई समीक्षा

बैठक में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक बार फिर बढ़ने लगी है। वहीं, कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण यात्रा प्रभावित हो रही है और कहीं-कहीं यात्रियों को रोकना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

मानसून में संक्रमण और फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

मानसून के दौरान संक्रमण और फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अधिकारियों को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को समय पर उपचार मिल सके।

जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रम कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को समय-समय पर जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारी सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझ सकते हैं और उनका समयबद्ध समाधान कर सकते हैं।

पेयजल योजनाओं और शिक्षा योजनाओं पर भी फोकस

बैठक में पेयजल विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने पेयजल योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, शिक्षा विभाग के तहत संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पात्र विद्यार्थियों को इन योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना को जल्द व्यावहारिक रूप से धरातल पर उतारने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *