नैनीताल। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली के पांच लोगों को लेकर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 12 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल को कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। दुर्घटनाग्रस्त वाहन संख्या UP 25 EJ 4586 में कुल पांच लोग सवार थे। सभी बरेली, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया।
वहीं, हादसे में कार चालक अनुज तिवारी (29 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ टीम ने उनका शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हादसे में घायल हुए लोग:
- सनी (23 वर्ष), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली।
- रवि, पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली।
- संचित, पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली।
- संदीप शर्मा, पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली।
मृतक की पहचान:
- अनुज तिवारी (29 वर्ष), पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली। (कार चालक)
एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर समन्वय के चलते चारों घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।



