चंपावत में खाई में गिरी कार, एक की मौत, चार घायल

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में स्वाला-टनकपुर रोड के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20-30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार पेड़ पर अटक गई।

जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे और सभी उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर आ रहे थे। हादसे के दौरान चार लोग किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक व्यक्ति कार से छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने गहरी खाई में उतरकर व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ ने शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल चार लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक आए मोड़ व ढलान के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *