देहरादून।
प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात हुई लूट की वारदात ने अचानक मुठभेड़ का रूप ले लिया। काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने एक व्यापारी को तमंचे की नोक पर लूट लिया और विरोध करने पर उसे गोली मार दी। वारदात के बाद फरार बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस टीम पर भी फायरिंग की गई, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, जबकि इंस्पेक्टर समेत दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने व्यापारी से करीब दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। गोली लगने से घायल व्यापारी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार जंगल की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फरार बदमाशों की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जबकि जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।



