जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन एवं विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों के साथ हुआ सार्थक संवाद
ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रजत जयंती पार्क, चन्द्रेश्वर नगर में ‘सेवा सुशासन संवाद’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने के संबंध में सार्थक संवाद एवं विचार-विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ० प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनहित सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। श्री अग्रवाल ने ऋषिकेश क्षेत्र के समग्र विकास, स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे।

इस अवसर पर माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत एवं नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता एवं प्रभावी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझकर उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जा सकता है।
‘सेवा सुशासन संवाद’ के दौरान ऋषिकेश क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित के विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। शासन की योजनाओं की स्थानीय स्तर पर पहुंच, उनके क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा भविष्य में जनहित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ नागरिकों ने अपने सुझाव रखे।
कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों को जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं संबंधित विषयों को सक्षम स्तर तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से शासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, सम्मानित पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



