रुद्रप्रयाग:
चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को एक अहम सफलता मिली है. केदारनाथ धाम के घोड़ापड़ाव क्षेत्र में सक्रिय जेबकतरा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से यात्रियों के चोरी किए गए पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी बरामद की गई है|
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर लगातार सघन चेकिंग और गश्त की जा रही है. इसी क्रम में केदारनाथ चौकी में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी अपनी टीम के साथ घोड़ापड़ाव क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों के बीच खड़े होकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को दबोच लिया. पूछताछ में उनकी पहचान राजन कुमार और सन्नी कुमार, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है.अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न यात्रियों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, गुजरात निवासी यात्रियों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं वोटर आईडी, चोरी किए गए पर्स व हैंडबैग, कुल ₹5,450 नकद तथा लुधियाना से ऋषिकेश का एक रेलवे टिकट बरामद हुआ|
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं. ये लोग भीड़भाड़ वाले स्थानों और दर्शन की कतारों में यात्रियों के पीछे खड़े होकर मौका पाते ही उनके बैग या जेब से कीमती सामान चोरी कर लेते थे. गिरोह का एक सदस्य सन्नी कुमार, जिसका हाथ टूटा हुआ है, स्वयं को असहाय दिखाकर शक से बचता था, जबकि अन्य सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और सामान लेकर तुरंत मौके से फरार हो जाते थे. दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सोनप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 112 और 313 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है.रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके
यात्रा पर डीएम की पैनी नजर: यात्रा व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत पर जिलाधिकारी की पैनी नजर है, केदारनाथ धाम यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है. इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं का लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और व्यवस्थाएं हर स्तर पर सुचारू बनी रहें|



