नन्दा देवी राजजात में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा यात्रा मार्ग

एसपी ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर कहा—श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

गोपेश्वर। मां नन्दा देवी की बड़ी जात यात्रा को लेकर चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। थराली क्षेत्र में यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य सुरक्षा एवं बचाव दलों की तैनाती की गई है। शुक्रवार को चेपड़ो में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर उन्हें हर परिस्थिति में सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

एसपी पंवार ने कहा कि मां नन्दा देवी की बड़ी जात यात्रा आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण और संवेदनशील यात्रा है। बारिश के मौसम में दुर्गम पैदल रास्तों, कठिन चढ़ाई-उतराई और फिसलन को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जवानों को मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पांच सितंबर से शुरू हुई यात्रा के दौरान चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तीनों देव डोलियों के साथ दुर्गम पहाड़ी मार्गों पर श्रद्धालुओं के साथ चल रहे हैं। जवान कठिन चढ़ाई और उतराई वाले हिस्सों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता पार कराने के साथ ही पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

थराली क्षेत्र में यात्रा ड्यूटी के लिए एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस उपाधीक्षक, पांच निरीक्षक, 28 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक, 128 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 14 महिला कांस्टेबल और यातायात पुलिस के 12 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आईआरबी की दो प्लाटून, एसडीआरएफ की तीन टीमें, फायर सर्विस की एक यूनिट और दूरसंचार टीमें भी यात्रा मार्ग पर तैनात की गई हैं।

एसपी पंवार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य है कि मां नन्दा की पावन यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और कठिन पहाड़ी यात्रा को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे। सुरक्षा बलों को किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, राजेश शाह और सुशील रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *